उत्तराखंड

चारधाम यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, आज होगी मॉक ड्रिल

टिहरी गढ़वाल। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के निर्देश पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

जिले को 9 जोन और 23 सेक्टरों में बांटा गया

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि मॉक ड्रिल के लिए जिले को नौ जोन और 23 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जीआईएस मैपिंग के माध्यम से संसाधनों का सटीक आकलन किया गया है, जिससे आपदा के समय त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम के तहत सेक्टर स्तर तक अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।

प्रशासन ने “जीरो लॉस ऑफ लाइफ” का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी विभागों और एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

कीर्तिनगर में एसडीएम ने ली बैठक

कीर्तिनगर में उप जिलाधिकारी मंजू राजपूत ने विकासखंड के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने में कम समय शेष है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि टिहरी गढ़वाल जनपद चारधाम यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है, इसलिए यहां की व्यवस्थाओं का दुरुस्त होना बेहद आवश्यक है।

विभागों को दिए गए निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को सड़कों के गड्ढे शीघ्र भरने के निर्देश।

जल संस्थान एवं पेयजल निगम को यात्रा मार्ग पर निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सेवाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।

मलेथा से कीर्तिनगर तक होगी मॉक ड्रिल

प्रशासनिक तैयारियों का आकलन करने के लिए मलेथा मुख्य चौराहे से नया पुल होते हुए कीर्तिनगर तक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास में सभी विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी और समन्वित कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button