
अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकास खंड लमगड़ा के ब्लॉक कार्यालय में तैनात अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया।
एफडीआर रिलीज करने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता को शौचालय निर्माण कार्य के तहत 3 लाख रुपये का टेंडर स्वीकृत हुआ था। इस टेंडर से संबंधित एफडीआर (FDR) रिलीज कराने के नाम पर आरोपी अकाउंटेंट द्वारा लगातार धनराशि की मांग की जा रही थी। आरोप है कि बिना रिश्वत दिए फाइल आगे बढ़ाने से साफ इनकार किया जा रहा था।
मामले से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की।
ट्रैप ऑपरेशन में रंगे हाथ पकड़ा गया
08 अप्रैल 2026 को सतर्कता टीम ने लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में ट्रैप ऑपरेशन चलाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी हर सिंह बिष्ट, पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट, वर्तमान में लेखाकार के पद पर तैनात था और अल्मोड़ा के चीनाखान क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
सतर्कता विभाग की अपील
इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त निगरानी रखी जा रही है। सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।



