
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में बीटेक छात्र दिव्यांशु जटराना हत्याकांड में गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। घटनास्थल से जुड़े ‘बाबा की रसोई’ रेस्टोरेंट और पास स्थित ‘चंपारण होटल’ को सील कर दिया गया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि हमले की शुरुआत इन्हीं स्थानों से हुई थी। इन प्रतिष्ठानों के देर रात तक खुले रहने की शिकायतें भी पुलिस को मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
एक और आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी अंकित भारद्वाज (19), निवासी नूतन नगर थाना सिविल लाइन, जिला गया (बिहार), हाल पता जीआरडी के पीछे, गहरी गांव को नंदा की चौकी के पास से गिरफ्तार किया है।
अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 11 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
यूपी और बिहार में दबिश
एसओजी और प्रेमनगर थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें देहरादून के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और बिहार के कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गुरुवार को दिनभर चली कार्रवाई में कई संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की गई और आरोपियों के करीबियों से पूछताछ की गई, हालांकि अभी तक अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
सीओ प्रेमनगर विवेक कुटियाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
रात में हुड़दंग पर सख्ती
दिव्यांशु हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि विश्वविद्यालय और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र यदि रात में अनावश्यक रूप से घूमते, हुड़दंग करते या किसी आपराधिक गतिविधि में लिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
यह भी निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित कॉलेज या विश्वविद्यालय को रिपोर्ट भेजकर ऐसे छात्रों के खिलाफ संस्थागत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
288 लोगों से पूछताछ, 99 के चालान
बुधवार रात पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर 288 लोगों से पूछताछ की। इनमें से 156 संदिग्धों को थाने लाया गया। 99 व्यक्तियों का 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 49,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।



