उत्तराखंडदेहरादून

झंडा जी आरोहण पर देहरादून में ट्रैफिक डायवर्ट प्लान जारी, कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

देहरादून। 8 मार्च 2026 को  झंडा जी के आरोहण के अवसर पर देहरादून में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। आयोजन के दौरान कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

जारी प्लान के अनुसार बिंदाल से तिलक रोड और तालाब की ओर सभी प्रकार के चौपहिया और दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। वहीं सहारनपुर चौक से दरबार साहिब की ओर भी किसी प्रकार के वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।

पीपल मंडी चौक से हनुमान चौक और सहारनपुर चौक की ओर जाने वाले वाहनों को दर्शनी गेट के रास्ते भेजा जाएगा। इसके अलावा कांवली रोड गुरुराम राय स्कूल की ओर से भी कोई वाहन तालाब या दरबार साहिब की ओर नहीं जा सकेगा।

बैण्ड बाजार की ओर से दरबार साहिब की तरफ जाने वाले वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा। इन वाहनों को तिलक रोड और मच्छी बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इन मार्गों से झंडा बाजार की ओर प्रवेश रहेगा बंद

8 मार्च को झंडा जी आरोहण के दृष्टिगत सहारनपुर चौक, गऊ घाट तिराहा, दर्शनी गेट, पीपल मंडी चौक, तालाब के चारों ओर और भंडारी चौक (गुरुद्वारे की ओर आने वाले सभी मार्गों) पर बैरियर लगाकर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात दबाव बढ़ने पर होगा डायवर्जन

यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में निरंजनपुर मंडी से सहारनपुर चौक और बल्लीवाला चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को आवश्यकतानुसार कमला पैलेस की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं लालपुल से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को निरंजनपुर मंडी की ओर भेजा जाएगा।

श्रद्धालुओं से अपील

पुलिस प्रशासन ने झंडा जी दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें और संभव हो तो दोपहिया वाहनों का प्रयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button