अपराधउत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में दहेज के लिए पत्नी की हत्या, सोती हुई पत्नी का कंबल से मुंह दबाकर मारने वाला पति गिरफ्तार

देहरादून : देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के महज चार महीने बाद पति ने सोती हुई पत्नी का कंबल से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के अनुसार चार फरवरी को सलमान आसिफ पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी अपर बाजार रुद्रप्रयाग, जनपद रुद्रप्रयाग ने थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी बहन कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को शहवाज आलम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी रिस्पना नगर सी-37, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग दहेज को लेकर कहकशा को प्रताड़ित करते थे।

परिजनों के अनुसार तीन से चार मार्च 2026 के बीच ससुराल पक्ष के लोग कहकशा को महंत इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कहकशा के पति शहवाज आलम और उसके परिवार वालों ने मिलकर उसकी हत्या की है।

तहरीर के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा संख्या 77/26 धारा 80(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। चूंकि मृतका की शादी को मात्र चार महीने ही हुए थे, इसलिए संबंधित मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा भरा गया और डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। मामले की विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मसूरी को सौंपी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने पांच मार्च 2026 को मृतका के पति शहवाज आलम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी रिस्पना नगर सी-37, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी का मूल निवास ग्राम दिनौड़ा, थाना सोती की नांगल, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) बताया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह उसकी मर्जी के खिलाफ घरवालों ने कहकशा से कराया था। वह कम पढ़ी-लिखी थी, लेकिन परिवार की इज्जत के कारण उसने शादी कर ली। आरोपी के अनुसार शादी में कम दहेज मिलने के कारण उसका और उसके परिवार का व्यवहार कहकशा के प्रति बदल गया था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि करीब एक सप्ताह पहले उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। उसका इरादा था कि कहकशा की हत्या करने के बाद वह किसी दूसरी पढ़ी-लिखी महिला से शादी करेगा, जिससे उसे ज्यादा दहेज मिल सके।

आरोपी ने बताया कि कहकशा की तबीयत खराब होने पर वह उसे इलाज के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल ले गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था। इसी दौरान उसने हत्या की योजना को अंजाम देने का फैसला किया।

आरोपी के मुताबिक तीन मार्च 2026 की रात जब कहकशा घर में सो रही थी, तब उसने मौका देखकर कंबल से उसका मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने घरवालों को घटना की जानकारी दी और कहकशा को महंत इंद्रेश अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी ने कहकशा के मायके वालों को भी फोन कर बताया कि उसकी तबीयत गंभीर है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। उसकी योजना थी कि सभी को बीमारी के कारण मौत होने का विश्वास दिला देगा। लेकिन महंत इंद्रेश अस्पताल से पुलिस को सूचना मिलने के बाद आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button