
देहरादून । भले ही रंगों का त्योहार होली को अभी एक हफ्ता बाकी हो, लेकिन देशभर में होली पर्व की धूम मच गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश कांग्रेस के टॉप लीडर्स शामिल रहे। खास बात ये रही कि इस होली मिलन समारोह में कांग्रेस के टॉप फाइव लीडर्स एक ही पोशाक में नजर आए।
दरअसल, उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों और खासकर जनजाति के लोग जो पोशाक यानी ‘दोका पोशाक’ पहनते हैं, उन्हीं पोशाक को पहने हुए प्रदेश कांग्रेस के यह टॉप लीडर्स नजर आए। एक ही तरह की पोशाक पहन कर कांग्रेस नेताओं ने ‘एकजुटता’ का बड़ा संदेश देने का काम किया।
बता दें कि उत्तराखंड में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसके मद्देनजर प्रदेश की दोनों मुख्य पार्टियों कांग्रेस और बीजेपी दमखम से तैयारियों में जुटी हुई हैं। ताकि, आगामी विधानसभा चुनाव को जीतकर सत्ता पर काबिज हो सकें। उससे पहले ही कांग्रेस खुद को मजबूत करने के साथ ही सभी टॉप लीडर्स को एक जुट कर आगे की रणनीतियां बनाने की कवायद में जुटी हुई है।



