उत्तराखंडसामाजिक

दशोली के सैकोट गांव में शराब पर सख्ती, सार्वजनिक कार्यक्रमों में परोसने पर 50 हजार का जुर्माना

दशोली:  दशोली विकास खंड की ग्राम पंचायत सैकोट में महिला मंगल दल ने गांव में शराब के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। पंचायत घर के आंगन में आयोजित बैठक में महिलाओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सार्वजनिक कार्यों में शराब पीने और पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया।

बैठक की अध्यक्षता महिला मंगल दल की अध्यक्ष सतेश्वरी देवी ने की। इस दौरान महिलाओं ने गांव में शराब के कारण बिगड़ते सामाजिक माहौल और युवाओं पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव को लेकर चिंता व्यक्त की। प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम—चाहे वह शादी-ब्याह हो या अन्य सामाजिक आयोजन—में शराब परोसने या सेवन करने पर संबंधित परिवार से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।

महिलाओं ने यह भी तय किया कि गांव में समय-समय पर शराब के खिलाफ जागरूकता अभियान और रैलियां आयोजित की जाएंगी, ताकि समाज में सकारात्मक वातावरण बनाया जा सके।

सामाजिक कार्यकर्ता चंडी थपलियाल ने महिला मंगल दल के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम ग्राम पंचायत के हित में है और इससे सामाजिक सुधार को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक के बाद महिलाओं ने टेंटुणा, सैकोट से होते हुए आमखेत मालधार तक जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से उन्होंने ग्रामीणों से शराब के दुष्प्रभावों से दूर रहने और गांव को नशामुक्त बनाने की अपील की।

महिला मंगल दल के इस फैसले को गांव में सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button