उत्तराखंडराजनीतिराजनैतिक

हरिद्वार आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, चुनावी रणनीति पर होगी मंथन बैठक

हरिद्वार : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को हरिद्वार पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के साथ प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

प्रदेश टोली की अहम बैठक

शाह के कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश टोली की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित होगी। इस बैठक में कोर कमेटी के सभी सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के तीनों महामंत्री, कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे।

बताया जा रहा है कि बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की मजबूती और कमजोर कड़ियों पर चर्चा की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री चुनावी तैयारियों के लिहाज से प्रदेश की राजनीतिक नब्ज टटोलेंगे और जीत की हैट्रिक को लेकर रणनीति पर मंथन करेंगे।

स्थायित्व और एंटी इनकंबेंसी पर फोकस

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में सरकार बदलाव की चर्चाओं पर विराम लगाने की तैयारी में है। अमित शाह राजनीतिक स्थायित्व का संदेश देंगे। यदि कहीं एंटी इनकंबेंसी की स्थिति है, तो उसे प्रो इनकंबेंसी में बदलने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।

23 मार्च को पीएम मोदी का संभावित दौरा

सात मार्च के कार्यक्रम के बाद 23 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह दौरा अहम माना जा रहा है। संगठन ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि सात मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में प्रदेश टोली की बैठक होगी, जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा कर भविष्य की रणनीति को और मजबूत किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button