उत्तराखंडमौसम

उत्तराखंड में फरवरी में ही दिखे गर्मी के तेवर, दून में तापमान सामान्य से 4 डिग्री बढ़ा ऊपर

उत्तराखंड मौसम : उत्तराखंड में इस बार मौसम ने समय से पहले ही करवट ले ली है। आमतौर पर फरवरी के अंत तक रहने वाली गुलाबी ठंड अब विदा होती नजर आ रही है। राजधानी देहरादून सहित मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान बढ़ने से लोगों को फरवरी में ही मई-जून जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है।

सामान्य से 4 डिग्री अधिक तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

देहरादून में अधिकतम तापमान 27.5°C तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 12.4°C रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 3 डिग्री ज्यादा है।

राज्य में सबसे अधिक तापमान रुड़की (हरिद्वार) में 27°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मुक्तेश्वर (नैनीताल) में 4.6°C रिकॉर्ड किया गया।

अगले 48 घंटे शुष्क मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार 25 और 26 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। चटख धूप के कारण दिन के तापमान में और वृद्धि की संभावना है। फिलहाल अगले 24 घंटों में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन उसके बाद पारे में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

महीने के अंत में बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 27 और 28 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से उच्च हिमालयी जिलों में मौसम बदल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना है।

मैदानी इलाकों में जारी रहेगी गर्मी

देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, जिससे गर्मी का प्रभाव बना रह सकता है। फिलहाल राज्य में कहीं भी शीत लहर या शीत दिवस की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button