अपराधउत्तराखंड

खटीमा में फौजी की बुजुर्ग मां की हत्या, सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट

खटीमा/उधम सिंह नगर: उत्तराखंड के उद्यम सिंह नगर स्थित खटीमा में एक खौफनाक घटना सामने आई है। नगर की देवभूमि कॉलोनी में 65 वर्षीय महिला की बुधवार रात सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान और गले पर कट का निशान मिला है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

घर में अकेली रहती थीं महिला

मृतका की पहचान जानकी पत्नी स्वर्गीय हरीश चंद के रूप में हुई है। उनका बेटा सूरज बंगाल इंजीनियर कोर में नायक पद पर जालंधर में तैनात है। उनकी दो बेटियां पूनम और सुमन का विवाह हो चुका है। जानकी घर में अकेली रहती थीं।

फोन न उठाने पर हुआ शक

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम बेटी पूनम ने मां को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद बेटे सूरज को जानकारी दी गई। सूरज ने भी कई बार फोन मिलाया, पर संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद सूरज ने अपने परिचितों को घर भेजा।

परिचितों ने घर पहुंचकर आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने सूरज को वीडियो कॉल कर स्थिति दिखाई और घर का ताला तोड़ दिया। अंदर जानकी जमीन पर पड़ी मिलीं, जिनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही रात करीब 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button