
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के बदलते तेवर का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। दिनभर बादल छाए रहने से मैदानों में भी ठंड का अहसास हुआ और तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बृहस्पतिवार को भी पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 19 फरवरी को चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है।
विशेष रूप से प्रदेश के 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम अपडेट लेने की सलाह दी है।



