उत्तराखंडधर्म

केदारनाथ धाम में उत्तराधिकारी तय, भीमाशंकर लिंग ने केदार लिंग को सौंपा दायित्व

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम के लिए अगले वर्ष नए रावल की नियुक्ति की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर वर्तमान रावल भीमाशंकर लिंग ने केदार लिंग को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया है।

ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में पंचगाई एवं गोठ गांव की बैठक के दौरान रावल ने औपचारिक रूप से अपने उत्तराधिकारी की घोषणा की। पिछले कुछ दिनों से इस विषय को लेकर जो विवाद चल रहा था, वह भी इस घोषणा के बाद शांत हो गया है।

बताया गया कि इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा वर्तमान रावल भीमाशंकर लिंग की मौजूदगी में ही शुरू होगी, जबकि आगामी यात्रा के लिए नए रावल के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। रावल भीमाशंकर लिंग ने पंचगाई समिति को विश्वास में लेकर उत्तराधिकारी का चयन किया और बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि नियमानुसार आगामी समय में चयन की औपचारिक कार्यवाही शुरू की जाए।

रावल भीमाशंकर लिंग ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2015 में ही केदार लिंग को अपना शिष्य बना लिया था। उनके अनुसार केदार लिंग सभी आवश्यक योग्यताएं रखते हैं। अब बदरी-केदार मंदिर समिति को पत्रावली भेजी जाएगी, जिसके बाद समिति नियमानुसार नियुक्ति पत्र जारी करेगी और रावल चयन की शेष प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट

केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि के अवसर पर बदरी-केदार मंदिर समिति के वेदपाठियों और आचार्यों ने ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में कपाट खुलने का शुभ मुहूर्त निकाला।

परंपरा के अनुसार, रावल भीमाशंकर लिंग ने विधिवत कपाट खुलने की तिथि और समय की घोषणा की।

कपाट खुलने से पूर्व कार्यक्रम

18 अप्रैल: ओंकारेश्वर मंदिर में भैरवनाथ की विशेष पूजा

19 अप्रैल: बाबा केदार की चल विग्रह डोली ऊखीमठ से फाटा के लिए प्रस्थान

20 अप्रैल: गौरीकुंड में रात्रि विश्राम

21 अप्रैल: केदारनाथ धाम पहुंचेंगी डोली

22 अप्रैल, सुबह 8 बजे: कपाट खुलेंगे

चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button