
देवप्रयाग/ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। देवप्रयाग से पहले चिलडांग के समीप सुबह करीब पांच बजे ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सीधे गंगा नदी में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
दो लोगों के सवार होने की आशंका
पुलिस प्रशासन के अनुसार वाहन में दो लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है। तेज बहाव के बीच लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर खोज अभियान चलाया जा रहा है।
एसडीआरएफ के गोताखोर नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक वाहन और लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
तेज बहाव से बढ़ी चुनौती
गंगा नदी में इन दिनों बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर डटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान जारी है।
वाहन की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य माध्यमों से उसमें सवार लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के परिजन उक्त मार्ग से सुबह के समय यात्रा कर रहे थे और संपर्क में नहीं हैं तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें।



