उत्तराखंडदेहरादून

चमोली जिले में खैनुरी के पास जगंल क्षेत्र में मिला अज्ञात नवजात शिशु का शव, चमोली पुलिस गहन जांच में जुटी

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
बाल कल्याण समिति गोपेश्वर द्वारा कोतवाली चमोली को सूचना दी गई कि ग्राम खैनुरी के बराली स्थान के जंगल क्षेत्र में एक अज्ञात नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली चमोली से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) एवं एसओजी की टीमों को मौके पर भेजा गया।
जिसके पश्चात फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) द्वारा घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही कर ली गयी है। पुलिस द्वारा मौके पर की जानकारी जुटायी गई तो ग्राम प्रधान खैनुरी एवं ग्रामीणों ने बताया कि घास काटने एवं पशु चराने के दौरान जंगल में गए स्थानीय लोगों को क्षेत्र में उक्त नवजात शिशु का शव दिखाई दिया था। पुलिस टीम द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का प्राथमिक निरीक्षण किया गया, जिसमें प्रथमदृष्टया नवजात शिशु के शव के कुछ भाग को किसी जंगली जानवर के द्वारा खाया प्रतीत हो रहा है शरीर में जगह-जगह खरोंच के निशान पाए गए है। मौके पर उपस्थित आशा कार्यकर्ता द्वारा अपने कार्यानुभव के आधार पर बताया गया कि शिशु पूर्णतः विकसित अवस्था में था। शिशु की गर्भावधि लगभग 7-8 माह की प्रतीत होती है तथा नौ माह पूर्ण होने में कुछ दिन शेष रहे होंगे।
पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण कर शव को अग्रिम विधिक कार्यवाही एवं पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेज दिया गया। जहाँ इसे शिनाख्त के प्रयास हेतु 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा जायेगा। 72 घंटे तक शिनाख्त के सभी प्रयास पूरे होने के बाद तथा मृतक की मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए विधिवत पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जायेगी, साथ ही भविष्य की जाँच में मदद हेतु महत्वपूर्ण डीएनए सैंपल भी सुरक्षित रखे जायेगें। नवजात की मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस टीमों द्वारा स्थानीय लोगों से गहन पूछताछ कर घटना से जुड़ी हर छोटी से छोटी जानकारी को एकत्रित को किया जा रहा है। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं, सरकारी एवं गैर-सरकारी चिकित्सालयों से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के प्रत्येक पहलू की सूक्ष्मता से जांच की जा सके। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष, गहन एवं पूर्ण संवेदनशीलता के साथ जांच की जा रही है। घटना के शीघ्र अनावरण हेतु सभी संभावित तथ्यों एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की जनता से अपील है कि यदि इस संबंध में किसी भी व्यक्ति के पास कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो, तो वह नीचे दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर पुलिस को सूचित कर सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button