71 वीं अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती के विजेता DGP से मिले

डीजीपी अशोक कुमार ने दी शुभकामनाएं
देहरादून। पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड अशोक कुमार से 71वीं अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती कलस्टर-2022 में पदक विजेता खिलाडी मिले। इस दौरान डीजीपी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुये भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए कड़ी मेहनत व लगन से अभ्यास करने व स्वर्ण पदक प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस दूरसंचार व वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तराखण्ड पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड अमित सिन्हा ने बताया कि गत 14 से 20 नवम्बर 2022 तक पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित हुई 71वीं अिखल भारतीय पुलिस कुश्ती कलस्टर-2022 में उत्तराखण्ड पुलिस के खिलाड़ियों ने बहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में 1 स्वर्ण, 2 रजत व 6 कांस्य पदक के साथ कुल 9 पदक अर्जित कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
आर्म कुश्ती- 55 किग्रा वर्ग में आरक्षी कैलाश लाल ने स्वर्ण पदक, बॉडी बिल्डिंग- 55 किग्रा वर्ग में आरक्षी त्रिलोक सिंह और वेट लिफ्टिंग- 73 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी राजकुमार परिहार ने रजत पदक, बॉडी बिल्डिंग- 65 किग्रा वर्ग में आरक्षी जितेन्द्र सिंह, 90 किग्रा वर्ग में आरक्षी अमित क्षेत्री, बॉक्सिंग- 60 से 63 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी विनीता महर, 63 से 66 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी हेमन्ती मेहता, वेट लिफ्टिंग- 73 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी ममता कुटियाल, पावर लिफ्टिंग- 105 किग्रा वर्ग में मुख्य आरक्षी भगवन्त सिंह ने कांस्य पदक अर्जित किया। डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक जीतकर देश और प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं, जिन पर हमें गर्व है। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों ने आश्वस्त किया कि आने वाले प्रतियोगिताओं में एक बार फिर से उत्तराखंड पुलिस का नाम रोशन करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगें।