
हरिद्वार। भारी बारिश से गंगा का जलस्तर लगातार घट-बढ़ रहा है। इसकी वजह से देहात के इलाकों में दहशत है। जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन की ओर से लोगों से गंगातट पर न जाने की अपील की जा रही है।
कई दिनों से क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। इसके चलते गंगा नदी का जलस्तर घट बढ़ रहा है। दो दिन पहले गंगा नदी का जलस्तर 294 यानी खतरे के निशान पर पहुंच गया था। बृहस्पतिवार सुबह भी गंगा का जलस्तर 293.40 मीटर पर था। शाम के समय गंगा का जलस्तर 292.80 मीटर तक पहुंच गया जो खतरे के निशान से नीचे था। ग्रामीणों का कहना है कि पहले से ही बाढ़ का पानी खेतों से नहीं उतरा है। फिर से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। पानी फसलों में पहुंचा तो किसानों की बची हुई फसल भी बर्बाद हो जाएगी। उधर, एसडीएम गोपालराम बिनवाल ने बताया कि गंगा से सटे गांवों में अलर्ट जारी किया हुआ है। लोगों से गंगा किनारे न जाने की अपील की जा रही है। साथ ही बाढ़ राहत चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
त्रिवेणी समेत कई गंगा घाट जलमग्न
ऋषिकेश । मूसलाधार बारिश से गंगा और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। गंगा का जलस्तर बढ़ने से लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, मुनि की रेती और तपोवन क्षेत्र में गंगा घाट और तट जलमग्न रहे। त्रिवेणी घाट में आरती स्थल जलमग्न रहा। गंगा घाट और तटों पर जल पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मुस्तैद है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से गंगा चेतावनी रेखा 339.50 से मात्र 30 सेमी नीचे 339.20 मीटर बह रही है। गंगा के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन की ओर से अलर्ट किया है। तपोवन से लेकर रायवाला तक गंगा के तटीय इलाकों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए हैं। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे गंगा का जलस्तर 339.32 मीटर, शाम चार बजे 339.25 मीटर और शाम सात बजे 339.20 मीटर दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी गंगा के जलस्तर में वृद्धि बनी रही।
ऋषिकेश बायपास मार्ग पर पेड़ गिरने से अवरुद्ध
ऋषिकेश। शुक्रवार सुबह श्यामपुर-ऋषिकेश बायपास मार्ग पर पुलिस चौकी के पास विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। जिससे यह मार्ग अवरुद्ध हो गया। वन विभाग की टीम जब मौके पर नहीं पहुंची तो एसडीआरएफ की टीम को पेड़ को हटाने के लिए बुलाया गया है। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे पुलिस चौकी के समीप बायपास मार्ग पर एक बड़ा पेड़ अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत यह रही कि उसे वक्त यहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। रास्ता बंद होने पर यातायात पुलिस की ओर से ट्रैफिक को मुख्य मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। यातायात निरीक्षक रविकांत सेमवाल ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम पेड़ को हटाने के लिए जुट गयी। पेड़ हटाने के बाद यातायात सुचारू किया गया।