
उत्तरकाशी। पुरोला के कंडियाल गांव के मदनी नामे तोक में खेतों में रोपाई कर रहे चार लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे चारों बुरी तरह से झुलस गए। जिन्हें ग्रामीणों ने आनन फानन में सीएचसी पुरोला पहुंचाया। जहां पर एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि, दो लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, एक किशोर को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जानकारी के मुताबिक, पुरोला विकासखंड के कंडियाल गांव के मदनी नामे तोक में ग्रामीण खेतों में रोपाई कर रहे थे। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी। जिसमें निखिल पुत्र कृपाल सिंह (उम्र 17 वर्ष), चंद्र सिंह पुत्र जयपाल सिंह (उम्र 55 वर्ष), अशोक पुत्र कुशपाल सिंह (उम्र 14 वर्ष) और अभिषेक पुत्र दीर्घपाल सिंह (उम्र 20 वर्ष) घायल हो गए। ग्रामीणों ने चारों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला पहुंचाया। जहां पर अभिषेक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, निखिल और चंद्र सिंह को हायर सेंटर रेफर किया गया है। जबकि, अशोक को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। वहीं दूसरी ओर आकाशीय बिजली गिरने से जरड़ा गांव के काश्तकार त्रेपन सिंह के तीन मवेशियों की मौत हो गई। जिनमे दो गाय-एक बछड़ा शामिल है। जबकि, एक बैल घायल हो गया।