उत्तराखंडसामाजिक

देहरादून में गैस की कमी की खबरों पर तेल कंपनियों का बयान, कहा—पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

देहरादून। देहरादून में रसोई गैस की किल्लत को लेकर फैल रही चिंताओं के बीच तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की है। कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि गैस की आपूर्ति जारी है और लोगों को रात के समय एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ता सामान्य तरीके से गैस बुक कराएं, सिलेंडर उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। यदि मिस्ड कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से बुकिंग नहीं हो पा रही है, तो कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप या अन्य डिजिटल माध्यमों से भी बुकिंग की जा सकती है।

सप्लाई में 20 फीसदी की कमी, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं

जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम पहुंचे इंडियन ऑयल के सहायक प्रबंधक राकेश सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में देहरादून में प्रतिदिन करीब 50 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति होती थी, लेकिन वर्तमान में इसमें लगभग 20 प्रतिशत की कमी आई है।

उन्होंने कहा कि लोग घबराकर सिलेंडर खत्म होने की आशंका में एडवांस बुकिंग करा रहे हैं, जिससे बैकलॉग बढ़ रहा है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से सामान्य तरीके से ही बुकिंग कराने की अपील की है।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई

प्रदेश के प्रमुख सचिव (खाद्य) एल. फैनई ने सभी जिलाधिकारियों और जिला पूर्ति अधिकारियों को गैस एजेंसियों और गोदामों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता की समीक्षा के लिए शुक्रवार को विधानसभा परिसर में प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें सभी जिलों के डीएम, डीएसओ और तेल कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रदेश में गैस उपभोक्ताओं का आंकड़ा

प्रदेश में कुल गैस एजेंसियां: 313

कुल घरेलू ग्राहक: 33,22,377

कंपनीवार ग्राहक संख्या:

इंडियन ऑयल: 21,37,849

भारत पेट्रोलियम: 8,18,371

हिंदुस्तान पेट्रोलियम: 3,66,157

प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 74,327 सिलेंडरों की मांग रहती है।

बुकिंग के ये विकल्प भी उपलब्ध

यदि सामान्य नंबर व्यस्त आ रहे हों, तो उपभोक्ता इन माध्यमों से भी बुकिंग कर सकते हैं:

WhatsApp बुकिंग: 7588888824

मिस्ड कॉल: 8454955555

SMS/IVRS: 7718955555

डिजिटल माध्यम: Indian Oil One ऐप, पोर्टल cx.indianoil.in, या Paytm/PhonePe (BBPS)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button